बरेली में गौकशी की घटनाओं पर पुलिस का शिकंजा कसता नजर आ रहा है। थाना सीबीगंज पुलिस ने गौकशी के एक मामले में वांछित चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन लोहे के चापड़, लकड़ी का गुटका, प्लास्टिक रस्सी का जाल और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने गौकशी की कई वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की है।
पूरा मामला बरेली के थाना सीबीगंज क्षेत्र का है। दरअसल, बीते 15 सितंबर 2026 को परधौली-खतौला मार्ग पर गौवंशीय पशु का वध किए जाने की घटना सामने आई थी। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
इसी क्रम में 13 नवंबर को सीबीगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर खतौला-घन्सा मार्ग से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मसाहिद, आरिफ और छोटा के रूप में हुई है। तीनों सीबीगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से गौकशी में इस्तेमाल होने वाले तीन लोहे के चापड़, लकड़ी का गुटका, प्लास्टिक रस्सी का जाल और काली पॉलीथीन बरामद की गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रात के समय आवारा गौवंशीय पशुओं की तलाश करते थे और मौका पाकर गाय तथा सांड को चोरी कर उनका वध करते थे। इसके बाद मांस को थैलियों में भरकर आसपास के क्षेत्रों में बेच देते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 15 सितंबर को परधौली निवासी यशपाल गंगवार की गौशाला से गाय चोरी कर उसका वध करने की बात भी बताई है। हालांकि, पुलिस के पहुंचने की आहट मिलने पर वे पशु के अवशेष मौके पर छोड़कर फरार हो गए थे।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार तीनों आरोपियों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ गौवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल सीबीगंज पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में थाना प्रभारी रवि कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
बरेली से पुष्पाल सिंह, न्यूज़ नेटवर्क भारतवर्ष।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें