बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
दरअसल, फरीदपुर थाना पुलिस को 7 अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित आरोपी मोटरसाइकिल से क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने साठ नहर की कच्ची पटरी के पास चेकिंग शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, सामने से मोटरसाइकिल पर आते दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश की।
पुलिस का आरोप है कि घिरता देख दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ फायरिंग की। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी को पुलिस की सहायता से फरीदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करीब 42 वर्षीय दसिम पुत्र गुलख और करीब 38 वर्षीय जाहिद उर्फ अदलिया पुत्र जान मोहम्मद, दोनों निवासी ग्राम मेव सफियापुर, थाना फरीदपुर, जनपद बरेली के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी दसिम के खिलाफ फरीदपुर समेत अन्य थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, चोरी और अन्य धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं।
वहीं दूसरे आरोपी जाहिद उर्फ अदलिया के खिलाफ भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
मामले में फरीदपुर थाने पर मु0अ0सं0 764/2026, धारा 109(1) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में अपराधियों के खिलाफ अभियान को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें