यूपी के बरेली में राज्यसभा टिकट को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है।
आंवला के पूर्व बीजेपी सांसद धर्मेंद्र कश्यप की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने यूपी की सियासत में हलचल मचा दी है। धर्मेंद्र कश्यप ने मंगलवार को अपनी फेसबुक वॉल पर सिर्फ “टाटा बाय-बाय” लिखकर पोस्ट किया।
इस पोस्ट के सामने आते ही कयास लगने लगे कि क्या धर्मेंद्र कश्यप बीजेपी से दूरी बनाने की तैयारी में हैं?
चर्चा है कि वह बीजेपी छोड़कर समाजवादी पार्टी का दामन थाम सकते हैं।
बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र कश्यप पिछले काफी समय से समाजवादी पार्टी के संपर्क में हैं। वहीं, वह अपनी बेटी को दातागंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाने की तैयारी में भी बताए जा रहे हैं।
धर्मेंद्र कश्यप की पोस्ट पर सोशल मीडिया में तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। खास बात ये है कि पूर्व सांसद ने अपने सभी फोन नंबर भी स्विच ऑफ कर रखे हैं।
दरअसल, यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। बरेली से कई बीजेपी नेता राज्यसभा जाने की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन पार्टी ने प्रदेश से अपने आठों प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए।
बरेली से कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह और पूर्व सांसद संतोष गंगवार की बेटी श्रुति गंगवार को राज्यसभा का टिकट मिलने के बाद स्थानीय सियासत में चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है—
क्या धर्मेंद्र कश्यप बीजेपी को अलविदा कहेंगे?
क्या वह समाजवादी पार्टी में जाएंगे?
और अगर ऐसा हुआ, तो यूपी की सियासत में इसका कितना बड़ा असर पड़ेगा?
फिलहाल धर्मेंद्र कश्यप की “टाटा बाय-बाय” वाली पोस्ट ने सियासी गलियारों में हलचल जरूर बढ़ा दी है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें