बरेली के भमोरा थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों से रुपये वसूलने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से फर्जी आधार कार्ड, फर्जी सरकारी आदेशों की छायाप्रति के साथ दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं।
दरअसल, 23 अगस्त 2026 को भमोरा पुलिस संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग अलग-अलग सरकारी विभागों के अधिकारियों के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को भ्रमित कर अवैध रूप से रुपये वसूलते हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम ब्राह्मपुर से पहले बंद पड़े ईंट भट्ठे के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजवीर राठौर और निकेत भारद्वाज के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक इनके कब्जे से दो फर्जी आधार कार्ड, फर्जी आदेशों की छायाप्रतियां, दो अवैध तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस पूछताछ में राजवीर राठौर ने कथित तौर पर बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर सरकारी विभागों के अधिकारियों के नाम से फर्जी कागजात तैयार कराता था। पुलिस के अनुसार ये दस्तावेज निकेत भारद्वाज से तैयार कराए जाते थे, जो कंप्यूटर का काम करता है।
मामले में पुलिस ने थाना भमोरा में मु0अ0सं0 400/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक मामले में पप्पू मौर्य, शिवलाल मौर्य और शशांक वर्मा के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है और फरार आरोपियों की तलाश के साथ पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें