बरेली में NBW की तामील कराने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, वारंटी को छुड़ाने की कोशिश; सीबीगंज पुलिस ने 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार।
बरेली में पुलिस टीम पर हमला कर सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। सीबीगंज थाना क्षेत्र के तिलियापुर गांव में NBW यानी गैर जमानती वारंट की तामील कराने पहुंची पुलिस टीम के साथ मारपीट और अभद्रता की गई। मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, 30 और 31 अक्टूबर की रात उपनिरीक्षक पवन कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ वारंटी भोला को गिरफ्तार करने पहुंचे थे। पुलिस ने भोला को वारंट की जानकारी देकर हिरासत में ले लिया। इसी दौरान उसके भाई लईक को पकड़ने का प्रयास किया गया, तो परिजनों और अन्य लोगों ने कथित तौर पर पुलिस टीम के साथ मारपीट करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली और भोला को छुड़ाने का प्रयास किया। इस दौरान लईक मौके से फरार हो गया।
सूचना पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और भोला को सुरक्षित थाने लाया गया। पुलिस ने इस मामले में 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने राशिद, जाहिद, शाहिद, अजहर, साबिर और इमरान सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में वारंटी भोला भी शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें