बरेली पुलिस ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता का लोहा मनवाया है। दूरसंचार विभाग यानी DoT के CEIR और संचार साथी पोर्टल से संबंधित आंकड़ों के अनुसार, 31 मार्च 2026 तक बरेली पुलिस ने चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में पूरे उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया।
आंकड़ों के मुताबिक, बरेली पुलिस ने 7 हजार 508 ट्रेसिंग रिक्वेस्ट पर कार्रवाई की और 5 हजार 99 चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए। इस प्रदर्शन के साथ बरेली पुलिस ने 77.54 का स्कोर हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया।
इस उपलब्धि के लिए 28 अक्टूबर 2026 को लखनऊ के हजरतगंज स्थित CTO कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित सम्मान समारोह में बरेली के CEIR नोडल अधिकारी मनीष चन्द्र सोनकर को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
एसएसपी बरेली ने साइबर सेल के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए पूरी टीम को बधाई दी और भविष्य में भी आमजन की सहायता तथा सुरक्षा के लिए तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए।
इस सराहनीय प्रदर्शन में प्रेमनगर, इज्जतनगर, सुभाषनगर, भमोरा और कोतवाली थानों का भी प्रमुख योगदान रहा।
न्यूज़ नेटवर्क भारतवर्ष के लिए पुष्पाल सिंह की रिपोर्ट।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें