बरेली के आंवला में पुलिस ने जिला बदर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे ढोल-नगाड़ों के साथ जनपद की सीमा से बाहर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को आदेश का पालन करने और बिना अनुमति जिले में प्रवेश नहीं करने की सख्त हिदायत दी है।
दरअसल, आंवला थाना क्षेत्र के मोहल्ला पक्का कटरा निवासी शानू दीक्षित, उम्र करीब 29 वर्ष, के खिलाफ अपर जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर जिला बदर की कार्रवाई की गई है।
उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम, 1970 की धारा 3(1) के तहत पारित आदेश के अनुपालन में आंवला पुलिस ने आरोपी को ढोल-नगाड़ों के साथ बरेली जिले की सीमा से बाहर किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2013 से 2025 तक विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। इनमें मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी को निर्धारित अवधि तक जिला बदर आदेश का पालन करने और सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना बरेली की सीमा में प्रवेश नहीं करने की हिदायत दी है।
बरेली पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
न्यूज़ नेटवर्क भारतवर्ष, बरेली।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें