बरेली में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का कोतवाली पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी का शत-प्रतिशत माल, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
मामला थाना कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस का है, जहां 17 अक्टूबर को एक बंद मकान से सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
26 अक्टूबर की सुबह रेलवे स्टेशन के पास नॉर्थ रेलवे कॉलोनी में रेलवे पटरी के नजदीक चेकिंग के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद शादाब उर्फ अनस, रहमान और अरमान के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मोटरसाइकिल से बंद मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद योजना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीली धातु के आभूषण, एक सफेद धातु का सिक्का, घड़ी, तीन मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ का अन्य चोरी के मामलों में भी नाम सामने आया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
न्यूज़ नेटवर्क भारतवर्ष, बरेली।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें