बरेली के फतेहगंज पश्चिमी से रिश्तों को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है… जहां जमीन के विवाद में एक भाई ने अपने ही सगे भाई की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सोते समय छोटे चाकू और लकड़ी के डंडे से हमला कर वारदात को अंजाम दिया। हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के कुरतरा गांव का है। यहां 21 अक्टूबर को 41 वर्षीय दीपचंद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पुलिस ने घटनास्थल से लकड़ी का डंडा, चाबी के गुच्छे में लगा छोटा चाकू और कैंची समेत अन्य साक्ष्य जुटाए थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि होने के बाद मृतक के भाई कन्हई की तहरीर पर सतीश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी सतीश ने बताया कि जमीन को लेकर उसका अपने भाई दीपचंद से विवाद चल रहा था। पिता की गिरवी रखी जमीन को दीपचंद ने पैसे देकर छुड़ाया था और आरोपी को उस जमीन पर खेती नहीं करने देता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
पुलिस का कहना है कि 20 और 21 अक्टूबर की दरमियानी रात दीपचंद के सो जाने के बाद आरोपी उसके कमरे में पहुंचा। आरोप है कि उसने छोटे चाकू से हमला किया और फिर लकड़ी के डंडे से गला दबा दिया, जिससे दीपचंद की मौत हो गई।
फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने 23 अक्टूबर को रहपुरा अंडरपास के नीचे से आरोपी सतीश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज था। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। जमीन के विवाद में अपने ही भाई की हत्या के इस मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
न्यूज़ नेटवर्क भारतवर्ष, बरेली।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें