बरेली में 17 साल के किशोर के अपहरण की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। अपहरणकर्ताओं ने किशोर के मोबाइल फोन से उसके परिवार को कॉल कर पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी थी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी।
मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना नवाबगंज पुलिस, सर्विलांस सेल और एसओजी की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर किशोर की तलाश शुरू की। जांच में किशोर के मोबाइल की लोकेशन झांसी जनपद के गरौठा थाना क्षेत्र में मिली।
इसके बाद बरेली पुलिस टीम ने गुरुसराय
पुलिस से संपर्क कर लोहोयाई पुलिया क्षेत्र में घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, करीब शाम चार बजकर पंद्रह मिनट पर एक संदिग्ध वैगनआर कार को रोका गया। कार से 17 वर्षीय किशोर को सकुशल बरामद कर लिया गया।
मौके से पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 29 वर्षीय राकेश कुशवाहा और 26 वर्षीय नीरज कुशवाहा के रूप में हुई है। दोनों झांसी के गरौठा थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने किशोर के अपहरण और उसके परिवार से पांच लाख रुपये की फिरौती मांगने की बात स्वीकार की है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल सफेद रंग की वैगनआर कार, जिसका नंबर यूपी 93 बीएल 7277 है, और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
बरेली पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते अपहृत किशोर को 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें