बरेली में चोरी का सामान खरीदने वालों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 7 थाना क्षेत्रों में छापेमारी, 15 गिरफ्तार
बरेली में चोरी करने वालों के साथ अब चोरी का माल खरीदने वालों पर भी पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कबाड़ की दुकानों की आड़ में चोरी का सामान खरीदने और महंगे दामों पर बेचने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। कार्रवाई में कई थाना क्षेत्रों से 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
दरअसल, एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर बरेली पुलिस ने चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के भौतिक सत्यापन के लिए एक दिवसीय अभियान चलाया। इस दौरान स्क्रैप की दुकानों और कबाड़ के प्रतिष्ठानों की जांच की गई। पुलिस ने दुकानों के दस्तावेजों और वहां रखे सामान का सत्यापन किया।
इस अभियान के दौरान आंवला, अलीगंज, फरीदपुर, मीरगंज, सिरौली, फतेहगंज पूर्वी और भुता थाना पुलिस ने कार्रवाई की।
आंवला पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर दो बिजली मीटर, बिजली के तार, मोटर, इंसुलेटर और 22 नट-बोल्ट बरामद किए।
अलीगंज पुलिस ने एक आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल से मॉडिफाइड रिक्शा, 15 मोटरसाइकिल पार्ट्स, तीन पेट्रोल टंकियों और 6 किलो 400 ग्राम जले हुए तांबे के तार के साथ गिरफ्तार किया।
फरीदपुर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे और गोदामों से एचएमटी ट्रैक्टर का इंजन, बिजली की मोटर, स्वराज ट्रैक्टर, दो मोटरसाइकिल, बैटरियां और बैटरी चार्जर समेत चोरी का सामान बरामद हुआ। इस मामले में एक आरोपी शमी फरार है।
मीरगंज पुलिस ने बिजली के तार और अन्य उपकरण खरीदने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं सिरौली पुलिस ने दो आरोपियों के कब्जे से 79 किलो 430 ग्राम बिजली के तार बरामद किए।
फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने मोटरसाइकिल के पुर्जे काटने के उपकरण और अन्य सामान के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। जबकि भुता पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल, कटा हुआ चेसिस, तीन पेट्रोल टंकियां और पानी की मोटर बरामद की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में कई आरोपियों ने बताया कि वे क्षेत्र में सक्रिय चोरों से बिना बिल और कम कीमत पर चोरी का सामान खरीदते थे। इसके बाद सामान को गलाकर या उसके पुर्जे अलग करके दूसरे लोगों को महंगे दामों पर बेच देते थे।
एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने और बेचने वालों पर भी कार्रवाई जारी रहेगी।
फिलहाल पुलिस सभी मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुष्पाल
सिंह, न्यूज़ नेटवर्क भारतवर्ष, बरेली।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें