बरेली में ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, फर्जी नंबर प्लेट लगाकर देते थे वारदात को अंजाम
बरेली में ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। फर्जी नंबर प्लेट लगी महिंद्रा XUV-500 कार से वारदात को अंजाम देने वाले पांच आरोपियों को फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से डीजल चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, अवैध तमंचे, कारतूस और चाकू भी बरामद किए गए हैं।
दरअसल, थाना फतेहगंज पूर्वी पुलिस 27 अक्टूबर को गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर निवड़िया गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी होटलों और ढाबों पर खड़े ट्रकों की टंकियों से डीजल चोरी करते थे और चोरी किए गए डीजल को अलग-अलग लोगों को बेच देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमेंद्र उर्फ अंकित, ललित, अनिल उर्फ बाबू, सन्नी और सोनू के रूप में हुई है। सभी आरोपी बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक महिंद्रा XUV-500 कार, 40-40 लीटर क्षमता की 10 प्लास्टिक कैन, दो प्लास्टिक पाइप, तीन मोबाइल फोन, दो अवैध तमंचे, तीन जिंदा कारतूस और एक चाकू बरामद किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कार की असली नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगाते थे, ताकि उनकी पहचान छिपी रहे। पुलिस के अनुसार, कार पर लगी नंबर प्लेट किसी दूसरे वाहन की थी।
बताया गया है कि पुलिस को देखकर भागने के दौरान आरोपियों की कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
फिलहाल पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपियों की अन्य संभावित वारदातों और चोरी के डीजल की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
न्यूज़ नेटवर्क भारतवर्ष, बरेली।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें