बरेली में 26 सितंबर 2025 को हुए दंगे के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कैंट थाना पुलिस ने दंगा प्रकरण में वांछित 58 वर्षीय आरोपी मोबीन बेग उर्फ मोमीन बेग को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदपुर चौधरी स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया है।
दरअसल, पूरा मामला बरेली में हुए दंगे से जुड़ा है। इस मामले में थाना बारादरी में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे में मौलाना तौकीर रजा समेत अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।
एसएसपी के निर्देश पर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कैंट थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मोबीन बेग को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने सितंबर 2025 में आयोजित एक बैठक और 26 सितंबर को इस्लामिया ग्राउंड में भीड़ जुटने से संबंधित घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी। पुलिस का आरोप है कि इस मामले में आरोपी की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी का एक अन्य आपराधिक मुकदमे में भी शामिल होना बताया है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
बरेली दंगा प्रकरण में पुलिस की कार्रवाई जारी है। अब देखना होगा कि इस मामले में आगे और किन आरोपियों की गिरफ्तारी होती है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें