बरेली में जिला अस्पताल से पुलिस को चकमा देकर फरार हुई महिला बंदी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसे डमरू चौराहे के पास नगर निगम के कंटेनर की आड़ से गिरफ्तार किया है।
दरअसल, पूरा मामला बरेली जिला अस्पताल का है, जहां 2 सितंबर 2026 को इलाज के लिए भर्ती महिला बंदी ममता पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गई थी। बताया गया कि महिला बाथरूम जाने के बहाने गई और बुर्का पहनकर पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गई थी।
इस मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर महिला की तलाश की जा रही थी। फरार महिला की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
17 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि महिला डमरू चौराहे के पास एक यात्री शेड के नजदीक नगर निगम के कंटेनर की आड़ में छिपी हुई है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने ममता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला ने जेल से भागने के लिए अपने दोनों बेटों के साथ मिलकर योजना बनाई थी। उसके बेटे ने उसे बुर्का लाकर दिया था, जिसे पहनकर वह अस्पताल से फरार हुई थी।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें