बरेली से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है...
थाना आवंला क्षेत्र के ग्राम कन्धरपुर में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि 26 सितंबर को श्याम सिंह की हत्या की गई थी। इस मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर थाना आवंला में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया और लगातार उनकी तलाश में दबिश दी जा रही थी।
इसी दौरान 6 अक्टूबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के मामले से जुड़े दो आरोपी रेवती मोड़ के पास मौजूद हैं और कहीं जाने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर करीब 11 बजकर 50 मिनट पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गजराज पुत्र शिशीराम, उम्र करीब 40 वर्ष, और भूपराम पुत्र ओमकार, उम्र करीब 38 वर्ष, निवासी ग्राम कन्धरपुर के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर पुरानी रंजिश को हत्या की वजह बताया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का कहना है कि मृतक श्याम सिंह शराब के नशे में अक्सर गाली-गलौज और झगड़ा करता था और उन्हें धमकी भी देता था।
इसी रंजिश के चलते 25 सितंबर की रात हत्या की योजना बनाई गई।
आरोपियों के कथित बयान के मुताबिक, चार लोग रस्सी और लाठी लेकर श्याम सिंह के पीछे खेतों की तरफ गए।
खेत में मेन्थॉल ऑयल की टंकी के पास पहुंचने पर पीछे से उसके गले में रस्सी डालकर उसे खींचा गया और फिर हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद शव को कच्ची सड़क के पास खेत के नजदीक डाल दिया गया और आरोपी अपने घर चले गए।
फिलहाल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और दोनों के खिलाफ
बीएनएस के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
अब पुलिस इस पूरे मामले में शामिल अन्य आरोपियों और वारदात से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें