बरेली कोतवाली पुलिस ने महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने, धमकी देने और रुपये मांगने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक 24 सितंबर को एक महिला ने पुलिस कार्यालय परिसर में अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया था। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने महिला को तुरंत रोक लिया।
पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आया कि महिला का अपने ससुराल पक्ष से मुकदमा चल रहा है। इसी दौरान महिला के ससुर अब्दुल कय्यूम ने कोतवाली में तहरीर दी।
आरोप है कि 23 सितंबर को शोएब और अमल सैनी, जो पुलिस के अनुसार खुद को पत्रकार बताता है, समेत दो अन्य लोगों ने अब्दुल कय्यूम और उनकी पत्नी का रास्ता रोक लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने उनकी बहू शबाना की एक वीडियो दिखाकर 50 हजार रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
मामले में कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस ने 24 सितंबर की शाम बारादरी थाना क्षेत्र में शोएब और अमल सैनी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, 2200 रुपये, डीजल से भरी एक बोतल, एक खाली बोतल और एक स्कूटी बरामद करने की बात कही है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने महिला के पारिवारिक विवाद और मुकदमे की जानकारी होने की बात बताई। पुलिस का आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर वादी पक्ष पर दबाव बनाने और रुपये ऐंठने की योजना बनाई गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अमल सैनी के खिलाफ पहले से भी अलग-अलग मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें