बरेली :40 साल से फरार वारंटी गिरफ्तार, भोजीपुरा पुलिस ने सुल्तानपुर से पकड़ा
बरेली के भोजीपुरा थाना पुलिस ने करीब 40 साल से फरार चल रहे वारंटी अभियुक्त को सुल्तानपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी माननीय इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में जारी वारंट की तामील के दौरान की गई।
दरअसल, इलाहाबाद हाईकोर्ट में विचाराधीन आपराधिक अपील संख्या 96/1986 के संबंध में 2 सितंबर 2026 को आदेश जारी किया गया था। इसी के अनुपालन में भोजीपुरा पुलिस वारंटी अभियुक्त अजीज खान की तलाश कर रही थी।
पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी का मूल निवास सुल्तानपुर जिले के दोस्तपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम खैलखा में है। इसके बाद भोजीपुरा पुलिस टीम स्थानीय पुलिस के सहयोग से सुल्तानपुर पहुंची।
20 सितंबर 2026 को करीब दोपहर 2 बजकर 5 मिनट पर पुलिस ने आरोपी अजीज खान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ वर्ष 1984 में भोजीपुरा थाने में धारा 3/7 ईसी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद वह जमानत पर जेल से बाहर आया और सुल्तानपुर जाकर रहने लगा था।
फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें