बरेली में साइबर फ्रॉड के मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर करीब 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में शामिल होने का आरोप है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और दो सिम बरामद किए हैं।
दरअसल, 27 जुलाई 2026 को बरेली निवासी वादी ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक अज्ञात व्यक्ति ने फोन-पे के जरिए करीब 12 लाख रुपये बैंक खाते से ट्रांसफर कर धोखाधड़ी की थी।
शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाने में मु0अ0सं0 46/2026, धारा 318(4) बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, तकनीकी जानकारी और अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने मामले में आरोपी की पहचान 28 वर्षीय सचिन शर्मा, निवासी गणेश नगर, टीपीएस कॉलोनी, थाना सुभाषनगर, बरेली के रूप में की।
पुलिस के मुताबिक आरोपी वादी की कॉलोनी में गार्ड की नौकरी करता था। आरोप है कि उसने वादी के मोबाइल से सिम निकालकर संबंधित बैंक खाते में यूपीआई सेवा सक्रिय की और यूपीआई के माध्यम से बैंक खाते से रकम निकाल ली।
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने आरोपी को 23 सितंबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से सैमसंग गैलेक्सी S9 मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें