बरेली :पेट्रोल पंप पर खड़े ट्रक से 150 लीटर डीजल चोरी, 24 घंटे में खुलासा
बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर खड़े ट्रक से 150 लीटर डीजल चोरी के मामले का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी का डीजल, पाइप और तमंचा-कारतूस बरामद किया गया है।
मामला हाफिजगंज थाना क्षेत्र के सुन्डियावा गांव स्थित तिरुपति बालाजी पेट्रोल पंप का है। पुलिस के मुताबिक 15-16 सितंबर की रात पेट्रोल पंप पर खड़े ट्रक से करीब 150 लीटर डीजल चोरी हुआ था। मामले में 20 सितंबर को मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुड़ियाडिया-ठीकमपुर पुलिया के पास संदिग्ध इनोवा कार को रोककर तलाशी ली। कार में सवार ललित, विवेक और राजू को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक कार की डिग्गी से चार प्लास्टिक कैनों में करीब 150 लीटर डीजल और करीब छह फीट लंबा प्लास्टिक पाइप बरामद हुआ। वहीं आरोपी ललित के कब्जे से .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में तीनों आरोपियों ने पेट्रोल पंप पर खड़े ट्रक से डीजल चोरी करने की बात कबूल की और चोरी का डीजल बेचने के लिए ले जाने की बात बताई।
मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने इनोवा कार को भी एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है।
फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें